भिंड, अक्षय जोशी। जिले की देहात थाना पुलिस ने एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा एक दूध व्यवसायी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और बाद में उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की मांग की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने पीड़ित को अपने जाल में फंसाने के बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 7 लाख रुपये की मांग की। ब्लैकमेलिंग के दबाव में आए पीड़ित ने रकम जुटाने के लिए अपनी जमीन तक गिरवी रख दी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर देहात थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो युवकों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खासतौर पर बुजुर्ग, सीधे-साधे और आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को निशाना बनाकर उन्हें हनी ट्रैप में फंसाता था। इसके बाद अश्लील वीडियो और फोटो के माध्यम से ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलने का प्रयास किया जाता था।
देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि समय रहते पुलिस कार्रवाई होने से पीड़ित को बड़ी आर्थिक क्षति से बचाया जा सका। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आशंका है कि गिरोह ने अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

