धार। धार जिले के बदनावर में उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंचकवास गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे लोहे के सामान से भरे एक ट्रॉले ने मारुति ईको वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार वड़ोदरा (गुजरात) निवासी सभी 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।


महाकाल दर्शन कर वड़ोदरा लौट रहे थे सभी श्रद्धालु

हादसे का शिकार हुए सभी लोग गुजरात के वड़ोदरा के रहने वाले थे। वे उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद ईको वैन से अपने घर वड़ोदरा लौट रहे थे। इसी दौरान बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर यह हादसा घटित हुआ।


कटर और ग्राइंडर मशीन से काटकर निकाले गए शव

दुर्घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वैन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि दो शवों को निकालने के लिए कटर और ग्राइंडर मशीन से कार का हिस्सा काटना पड़ा।


परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने वैन से सभी 6 शवों को बाहर निकालकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को गुजरात में दे दी गई है। दुर्घटना के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था, जिसे पुलिस ने तुरंत सुचारु कराया। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।