रायगढ़, छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की । सरिया नाला क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार या अनियंत्रित होने के कारण एक ट्रक पुल से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में ट्रक के केबिन में फंसे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को बाहर निकालने के लिए उसके ऊपरी हिस्से को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया, जिसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।


हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक अभी भी नाले में पड़ी हुई है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मृतक चालक की पहचान भी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।