छतरपुर, शिवम सोनी। नौगांव रोड पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े एक लोडर वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।


जानकारी के अनुसार लोडर वाहन में बकरियां भरी हुई थीं। वाहन चालक सल्लू रास्ते में शौच के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे लोडर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर में बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में शाहबाज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिवम खटीक और बुद्धू खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक सल्लू वाहन से नीचे होने के कारण बाल-बाल बच गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।