बालाघाट, रितेश सोनी। किरनापुर थाना क्षेत्र में चौधरी दंपती के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर मंगलवार को मरार माली समाज का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। दंपती को न्याय दिलाने और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान अचानक पत्थरबाजी होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने भीड़ को मौके से खदेड़कर स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व पोस्ट ऑफिस में चोरी के आरोप में किरनापुर थाना क्षेत्र के टिमकीटोला गांव निवासी चौधरी दंपती के साथ थाने में कथित मारपीट की गई थी। मामले की शिकायत के बाद बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने एक एसआई, हेड कांस्टेबल और दो आरक्षकों को निलंबित किया था। इसके बावजूद समाज के लोगों में आक्रोश बना हुआ था। रैली के दौरान विवाद बढ़ने के बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।




