मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। गुरुवार शाम हुए बस हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद शुक्रवार सुबह मालवीय यूथ फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे पर शव रखकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मृतक वर्दीचंद के परिजनों को 1 करोड़ रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की।
धरना दे रहे लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बस संचालक पर सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। तहसीलदार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और उनकी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

