अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। प्रदेश सरकार ने किसानों को मिलने वाले शासकीय बीज के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस वर्ष ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था लागू की है। नई व्यवस्था के तहत पात्र किसानों को पोर्टल पर पंजीयन के बाद ही बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो।
अजयगढ़ के वरिष्ठ कृषि विस्तार कार्यालय में खरीफ फसल की बुआई के लिए 6 जुलाई से ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से बीज वितरण कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया गया है। प्रथम चरण में क्षेत्र के किसानों को धान, उड़द, अरहर, मूंग एवं मूंगफली के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार जिन बीजों पर शत-प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है, वे किसानों को निःशुल्क दिए जा रहे हैं, जबकि अन्य बीज निर्धारित शासकीय दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान अजयगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता तथा वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश निगम की उपस्थिति में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी अरुण पाल बागरी ने किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से बीज वितरित किए। कृषि विभाग ने किसानों से समय पर पंजीयन कराकर शासन की इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

