मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर के खानपुरा क्षेत्र में रविवार शाम एक पांच वर्षीय मासूम के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार शाम करीब 5 बजे बारिश के दौरान बच्चे को अंतिम बार घर के पास स्थित खुले नाले के समीप देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। आशंका के चलते प्रशासन ने नाले में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।


घटना शहर के खानपुरा स्थित नीलम शाह दरगाह के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू कार्य की निगरानी कर रहे हैं।


बच्चे की तलाश के लिए पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से नाले की सफाई एवं खुदाई का कार्य लगातार जारी है। वहीं शहर कोतवाली पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि मासूम के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।


घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया है। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अमला लगातार रेस्क्यू एवं सर्च अभियान में जुटा हुआ है।