छतरपुर, शिवम सोनी। रिश्तों के ताने-बाने जब उलझते हैं, तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी एक बानगी मध्य प्रदेश के छतरपुर में देखने को मिली है। एक महिला, तीन शादियां और फिर शुरू हुआ खूनी खेल! छतरपुर के बमीठा इलाके में एक पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। आरोप है कि पति महिला को बहला-फुसलाकर जंगल ले गया, वहां बेरहमी से पीटा और फिर जबरन जहर पिला दिया। महिला इस वक्त जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। लेकिन इस वारदात के पीछे की जो कहानी सामने आई है, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं।
छतरपुर जिले का बमीठा थाना क्षेत्र और यहां का ग्राम पलकुँवा कदवा पंचायत शुक्रवार की दोपहर एक ऐसी ही वारदात का गवाह बना, जिसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। अस्पताल के बेड पर पड़ी इस महिला का नाम सरोज पटेल है। सरोज की हालत गंभीर है और वो जिला अस्पताल में भर्ती है। सरोज का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उसका पति कालीचरण पटेल उसे जंगल की तरफ ले गया। वहां पहले तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जब इतने से भी मन नहीं भरा, तो पति ने जबरन उसके मुंह में जहरीला पदार्थ उड़ेल दिया।
शुरुआती जांच में जो कहानी निकलकर सामने आई है, वो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। दरअसल, पीडि़त महिला सरोज पटेल ने एक या दो नहीं, बल्कि तीन शादियां की हैं। सरोज ने तीसरी शादी कालीचरण पटेल से की थी, जिसके साथ वो रह रही थी। लेकिन कुछ दिनों से सरोज अपने दूसरे पति हल्के पटेल के पास वापस जाने की जिद कर रही थी। वो तीसरे पति को छोड़कर दूसरे के साथ रहना चाहती थी। बस इसी बात से नाराज होकर तीसरे पति कालीचरण ने खौफनाक साजिश रच डाली।
तीसरे पति के घर से जब महिला दूसरे पति के पास जाने की जिद करने लगी, तो तीसरे पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने जंगल ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पीडि़ता सरोज पटेल ने कहा कि मेरा पति कालीचरण मुझे जंगल की ओर ले गया... वहां मेरे साथ मारपीट की और फिर जबरन मुझे कुछ जहरीली दवा पिला दी। मेरी तबीयत बिगडऩे लगी तो मुझे अस्पताल लाया गया।
शनिवार को अस्पताल में होश आने के बाद महिला ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद अस्पताल पहुंची बमीठा पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस इस पूरे उलझे हुए पारिवारिक विवाद और तीन शादियों के एंगल को खंगाल रही है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान लिए हैं। पारिवारिक विवाद का मामला है, जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।




