छतरपुर, संदीप यादव। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कैंड़ी में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद दोनों ने कुएं में छलांग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सकुशल बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।


जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मजदूरी करने वाले परमलाल अहिरवार और उनकी पत्नी भागवती अहिरवार के बीच घरेलू विवाद हो गया। नशे की हालत में परमलाल ने अपनी पत्नी भागवती के साथ मारपीट की। इसके बाद गुस्से में परमलाल पहले कुएं में कूद गए। पत्नी भागवती ने भी उनके पीछे कुएं में छलांग लगा दी।


सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति स्थिर बताई है।


पुलिस के अनुसार, परमलाल अहिरवार शराब के नशे में आकर अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इस घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।