लखनऊ, 29 मई । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को जन भवन में स्थापित हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया। आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीक पर आधारित यह इकाई जन भवन गौशाला में गौवंशों को वर्षभर पर्याप्त, पौष्टिक और रसायन मुक्त हरा चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और पर्यावरण संरक्षण केंद्रित सोच के अनुरूप स्थापित इस इकाई का उद्देश्य सीमित संसाधनों में गौसंरक्षण और बेहतर पोषण व्यवस्था को मजबूत करना है। कम पानी, कम स्थान और कम समय में अधिक पौष्टिक हरा चारा तैयार करने वाली यह हाइड्रोपोनिक प्रणाली सतत कृषि और जल संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

जन भवन में स्थापित यह इकाई प्रतिदिन लगभग 100 किलोग्राम हरा चारा उत्पादन करने में सक्षम है। इसमें मक्का, जौ, जई (ओट्स) और गेहूं जैसे पौष्टिक चारे का उत्पादन किया जा सकेगा। बीज बुआई से लेकर चारा तैयार होने तक की प्रक्रिया मात्र आठ दिनों में पूरी हो जाती है और चक्रीय व्यवस्था के तहत प्रतिदिन ताजा हरा चारा उपलब्ध होता रहेगा।

हाइड्रोपोनिक तकनीक की खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक खेती की तुलना में बेहद कम पानी और कम स्थान की जरूरत होती है। साथ ही इसमें किसी भी प्रकार के रसायनों का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे तैयार चारा पूरी तरह रसायन मुक्त और अधिक पोषक तत्वों से युक्त होता है। प्रतिकूल मौसम का भी इस उत्पादन प्रणाली पर असर नहीं पड़ता, जिससे पूरे वर्ष निर्बाध रूप से हरा चारा उपलब्ध कराया जा सकेगा।