जयपुर। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद - राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च - नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ रिसर्च) ने जोधपुर में 'एडीओपीटी' (भारत में हेल्थ टेक्नोलॉजी असेसमेंट (एचटीएइन) के प्रसार और ऑपरेशनल प्रमोशन में तेजी लाना) के तहत प्रोजेक्ट ह्यूमन रिसोर्स पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।आईसीएमआर-एनआईएचआर की ओर जारी रिक्तियों में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-III (नॉन-मेडिकल) के 1, प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-II (नॉन-मेडिकल) के 2, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के 1 और फील्ड ऑफिसर के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट, दस्तावेजों की जांच और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 30,000 से 78,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन इंटरव्यू/लिखित परीक्षा 24 अगस्त को 'आईसीएमआर-एनआईएचआर, जोधपुर' पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों के रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि इसी दिन उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी किया जाएगा, जिसके लिए आवेदकों को अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 35 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना वॉक-इन इंटरव्यू की तिथि के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-III (नॉन-मेडिकल) के लिए माइक्रोबायोलॉजी/बायोकेमिस्ट्री/बायोटेक्नोलॉजी में पीएचडी और पीएचडी के बाद संबंधित विषय में 5 वर्ष का अनुसंधान और विकास/टीचिंग अनुभव; प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-II (नॉन-मेडिकल) के लिए लाइफ साइंसेज/एमपीएच/एमएचए/एमफार्म (मास्टर ऑफ फार्मेसी)/फॉर्मा डी (डॉक्टर ऑफ फार्मेसी) में एमएससी के साथ ही संबंधित क्षेत्र में 4 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के लिए किसी सरकारी विभाग/वैधानिक या स्वायत्त निकाय/विश्वविद्यालय/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में कम से कम 3 वर्ष के अनुभव के साथ बैचलर डिग्री या उसके बराबर की योग्यता और एमएस ऑफिस, एमएस वर्ड, एमएस पॉवरपॉइंट और एमएस एक्सेल की जानकारी होनी चाहिए। वहीं, फील्ड ऑफिसर के लिए पब्लिक हेल्थ में ग्रेजुएट और 3 वर्ष का काम का अनुभव होना चाहिए।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आईसीएमआर-एनआईएचआर की ओर से यह नियुक्ति शुरुआत में एक वर्ष के लिए होगी, जिसे नियमों के अनुसार बढ़ाया जा सकता है। वहीं, भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आईसीएमआर-एनआईएचआर की आधिकारिक वेबसाइट की ओर रुख करने की सलाह दी जाती है।




