सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के झिंगोदर गांव में अवैध गांजा की खेती का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी बृजभान सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव की नई बस्ती में एक व्यक्ति अपने खेत में गांजा उगा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी रामनरेश पुत्र लख्खू कोल के खेत में गांजा के पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके से 325 छोटे-बड़े हरे पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनका कुल वजन करीब 9 किलो 500 ग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 47 हजार 500 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में एएसआई प्रहलाद कुशवाहा, प्रधान आरक्षक आशीष तिवारी, विनोद मिश्रा, अर्पित सेन, आरक्षक रवीन्द्र रैकवार और भरत बागरी की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

