छतरपुर/नौगांव, (कमल यादव)। नौगांव थाना क्षेत्र की गरौली चौकी अंतर्गत एक गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति की दर्दनाक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 6 अगस्त की रात नशे में धुत होकर घर पहुँचे पति की उसकी ही पत्नी ने डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए 48 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर दिया और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।


विवाद के बाद डंडों से की पिटाई, छुपाने के लिए बदले कपड़े

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गोविंद दास अहिरवार उर्फ झलू (पिता कालुटा अहिरवार) 6 अगस्त की रात भारी नशे की हालत में अपने घर पहुँचा था। घर पहुँचते ही उसका अपनी पत्नी रजनी देवी अहिरवार से किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर पत्नी ने पास ही रखे डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण गोविंद दास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पत्नी रजनी देवी ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से मृतक के खून से सने कपड़े बदल दिए। इसके बाद अगले दिन 7 अगस्त को उसने परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को घटना की सामान्य जानकारी दी।


शरीर पर चोट के निशानों से घिरी पत्नी, FSL टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलते ही गरौली चौकी प्रभारी डी.डी. शाक्य एवं नौगांव थाना प्रभारी संजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तुरंत सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया। जब पुलिस ने शव का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया, तो मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे पुलिस का संदेह सीधे उसकी पत्नी पर जा टिका। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत उसे परिजनों को सौंप दिया और संदेही पत्नी रजनी देवी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू की।


आरोपी पत्नी ने कबूला जुर्म, रोजाना के विवाद से थी परेशान

कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में क्लेश व मारपीट करता था। 6 अगस्त की रात भी वह अत्यधिक नशे की हालत में घर आया और झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने रविवार को आरोपी रजनी देवी अहिरवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक विवेचना की जा रही है।