रहली/सागर, आशु दुबे । सागर जिले के रहली में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा 37 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित संदीपनी विद्यालय के नवीन भवन का भव्य लोकार्पण पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक गोपाल भार्गव ने किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संदीपनी विद्यालय में उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक सुविधाएं पूरे सागर जिले में अद्वितीय हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की बेहतर गुणवत्ता के कारण क्षेत्र के अभिभावक निजी स्कूलों से अपने बच्चों के नाम कटवाकर यहां प्रवेश दिला रहे हैं। पहले ही वर्ष में विद्यालय में लगभग तीन हजार विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
गोपाल भार्गव ने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि "शिक्षा का मंदिर" है, जहां शिक्षक पुजारी और छात्र-छात्राएं श्रद्धालु हैं। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने तथा विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का दौर है और महानगरों के विद्यालयों में प्रवेश के लिए भी उत्कृष्ट प्रदर्शन आवश्यक हो गया है। ऐसे समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवराज सोनी ने कहा कि रहली विधानसभा क्षेत्र विकास के हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ यहां के लोगों तक प्राथमिकता के साथ पहुंच रहा है और संदीपनी विद्यालय इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस विद्यालय के विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर रहली का नाम रोशन करेंगे।




