इंदौर, रविकान्त वर्मा। मध्य प्रदेश के इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित चौथी पलटन पुलिस क्वार्टर में एक आरक्षक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अंकित तोमर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। एसीपी विवेक सिंह चौहान के अनुसार, अंकित तोमर पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में मृत अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित तोमर रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त कर घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि उनका चयन दिल्ली पुलिस में भी हो चुका था और चार महीने बाद वे जॉइन करने वाले थे।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, अंकित तोमर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी थे और वर्ष 2018 में इंदौर में उनकी नियुक्ति हुई थी।

