छिंदवाड़ा। जिले की अमरवाड़ा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर तेंदनीमाल मुख्य राजमार्ग पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर और टाटा सफारी कार से 320 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा तथा एक लोडेड पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों में सवार सात शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना फरार है।


नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे वाहनों को पीछा कर भुमकाघाटी के पास पकड़ा

अमरवाड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप कंटेनर और लग्जरी कार के जरिए छिंदवाड़ा मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तेंदनीमाल मेन हाईवे पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखते ही दोनों वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और भुमकाघाटी के समीप दोनों संदिग्ध वाहनों को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।


कंटेनर के गुप्त बॉक्स और सफारी से मिला गांजा व लोडेड पिस्टल

तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त बॉक्स से 7 प्लास्टिक की बोरियों में भरा 252.48 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसमें 3 तस्कर सवार थे। वहीं, टाटा सफारी कार में सवार 4 तस्करों के पास से 2 बोरियों में रखा 68.32 किलोग्राम गांजा और कार के डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड देशी पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 320.8 किलोग्राम गांजा, हथियार, कंटेनर और सफारी कार सहित 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।


ओडिशा के बलांगीर से यूपी तक फैला था नेटवर्क, मुख्य सरगना की तलाश जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर निवासी सदनलाल चौरसिया के निर्देश पर ओडिशा के बलांगीर से लाया गया था। तस्कर रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए झांसी व संतकबीर नगर पहुंचने वाले थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोनिस को लोडेड पिस्टल सदनलाल चौरसिया ने ही उपलब्ध कराई थी।


सात आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने कंटेनर चालक संतोष गिरी, कार चालक कृष्ण कुमार सहित आरोपी मोनिस, अजय यादव, आदर्श सिंह, ऋषभ सिंह और शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अमरवाड़ा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी सदनलाल चौरसिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।