कटनी। जिले के लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित 'पांडे इंडस्ट्रीज' के मुख्य गेट के सामने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त को खुली चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गेट के बाहर खड़े एक ट्रक को निशाना बनाते हुए पाइप और केन (डिब्बों) के जरिए खुलेआम डीजल चोरी/लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश बिना किसी डर के वाहन से डीजल निकालते साफ नजर आ रहे हैं।


विरोध करने पर चौकीदार से बदसलूकी, लाठी-डंडे दिखाकर धमकाया

घटना के दौरान जब फैक्ट्री परिसर में तैनात चौकीदार ने बदमाशों की इस हरकत को देखा और उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उसके साथ जमकर अभद्रता की। प्रत्यक्षदर्शी चौकीदार के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडे लहराते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और दहशत का माहौल बनाकर मौके से सारा डीजल भरकर फरार हो गए।


औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त की खुली पोल

लमतरा जैसे व्यस्त और संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में खुलेआम हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने स्थानीय पुलिस की रात्रि व सुबह की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय उद्योगपतियों और नागरिकों का कहना है कि जब बदमाश मुख्य गेट के सामने खड़े होकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को धमका सकते हैं, तो पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अन्य प्रतिष्ठानों, गोदामों और खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है।


सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग

वारदात के बाद क्षेत्र के उद्योगपतियों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय व्यवसायियों ने कटनी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बदमाशों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ लूट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग भी की गई है।