धर्मशाला, 14 मई । पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 58वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) को जीत के लिए 201 रन का टारगेट दिया है। पीबीकेएस का मकसद इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंचना है।
गुरुवार को एचपीसीए स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवरों में 50 रन की साझेदारी की। प्रियांश 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद प्रभसिमरन ने कूपर कोनोली के साथ 35 गेंदों में 57 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
प्रभसिमरन 32 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 57 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यहां से विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। आलम ये रहा कि इस टीम ने 140 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे।
इस बीच अजमतुल्लाह ओमरजाई ने मोर्चा संभालते हुए 17 गेंदों में 38 रन बनाए। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। अंतिम ओवरों में विष्णु विनोद ने जैवियर बार्टलेट के साथ 12 गेंदों में 34 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को दोहरे शतक तक पहुंचाया।
विष्णु 8 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि बार्टलेट ने 7 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 18 रन की नाबाद पारी खेली। मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि दीपक चाहर ने 2 विकेट निकाले। कॉर्बिन बॉश और राज बावा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
पंजाब किंग्स ने इस सीजन 11 में से 6 मैच जीते हैं। यह टीम 13 अंकों के साथ फिलहाल चौथे स्थान पर मौजूद है। वहीं, दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस 11 में से 8 मैच गंवाकर पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ यह मैच खेल रही है।
इस मैच में नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव, दोनों ही उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह को पहली बार एमआई की कमान सौंपी गई है। उनके अलावा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और रघु शर्मा प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।




