अहमदाबाद, 30 मई । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मैच शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फैंस इस मुकाबले को लेकर काफी उत्सुक हैं। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

मुंबई से इस मैच को देखने पहुंची साक्षी ने कहा, "मैं यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को सपोर्ट करने आई हूं। यहां का मैनेजमेंट बहुत अच्छा है। दोनों ही टीमें इस मुकाबले को जीतकर दूसरी बार कप उठाना चाहेंगी।"

दृष्टि पटेल ने कहा, "फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाना है। मैं इस मुकाबले में आरसीबी को सपोर्ट कर रही हूं। विराट कोहली और रजत पाटीदार बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करेंगे। गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। आरसीबी लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम करने जा रही है।"

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा, "यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मैच के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम, पार्किंग एरिया और आने-जाने के रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद, 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। हमने यहां 3 होल्डिंग एरिया बनाए हैं, ताकि भगदड़ की आशंका न रहे।"

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लीग चरण के दौरान 14 में से 9 मैच अपने नाम किए थे। इस टीम ने शीर्ष पर रहते हुए क्वालीफायर-1 में जगह बनाई, जहां गुजरात टाइटंस को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।

वहीं, लीग चरण के दौरान शुभमन गिल की कप्तानी में 14 में से 9 मैच जीतकर जीटी प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर रही। इस टीम को क्वालीफायर-1 में आरसीबी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद क्वालीफायर-2 में जीटी ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के विरुद्ध 7 विकेट से जीत दर्ज की।

आईपीएल 2026 में आरसीबी और जीटी के बीच अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं। 24 अप्रैल को जीटी ने आरसीबी के खिलाफ 5 विकेट से मैच गंवा दिया था, जिसके बाद 30 अप्रैल को 4 विकेट से जीत हासिल की। हालांकि, क्वालीफायर-1 में उसे 92 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।