मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान और अभिनेता व लोकसभा सांसद रवि किशन ने बुधवार फिक्की फ्रेम्स 2026 में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों ने आईएएनएस के साथ बातचीत में क्रिकेट को लेकर खास बातें कीं।

इरफान पठान ने बताया कि क्रिकेट का स्तर और हाई लेवल पर बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "सबको लगता है कि भारत का क्रिकेट बहुत आगे के स्तर तक पहुंच गया है लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। अभी भी हमें बहुत कुछ हासिल करना है और बहुत कुछ बाकी है। क्रिकेट में बहुत स्कोप है और आने वाले समय में क्रिकेट बहुत कुछ हासिल करेगा।"

रवि किशन ने आईएएनएस ने कहा, "फिक्की 2026 पैनल में विषय क्रिकेट का रहा, जो कि काफी शानदार था। इरफान पठान, सभी पैनलिस्ट और जियो स्टार की पूरी टीम के साथ यह एक शानदार सेशन था।"

उन्होंने कहा, "कैसे एक भोजपुरी भाषा ने क्रिकेट की दुनिया को इतना बड़ा नंबर दिया, ये देखना काफी आश्चर्यजनक था कि क्षेत्रीय भाषा इतने बड़े नंबर तक पहुंच सकती है, तो मेरा यूपी-बिहार के लोगों को धन्यवाद कि उन्होंने मेरी कमेंट्री को इतना प्यार दिया। उन्हें अपनी भाषा में गेम सुनना पसंद आया। उनका हीरो, उनका एक्टर या उनका सांसद बोल रहा है, ये उन्हें अच्छा लगा।

रवि किशन ने समारोह में बुलाने के लिए फिक्की का भी तहे दिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "मैं इसके लिए फिक्की को दिल से धन्यवाद देता हूं। मुझे बहुत आनंद आया। फिक्की के इस सेशन से भारत की इकोनॉमी ग्रोथ को लेकर बहुत जागरुकता फैल रही है। हर सेक्टर में भारत किस तरह से ग्रोथ कर रहा है, ये पूरे देश को पता चल रहा है। साथ ही, मैं फिक्की को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने अपने इस तरह के सेशन के जरिए नए भारत की ग्रोथ की कहानी सब तक पहुंचाने का काम किया और मैं कहूंगा कि वे आगे भी ऐसा ही काम करें।"