मुंबई, 13 मई । अभिनेता और निर्माता जेडी मजेठिया अपने टीवी सीरियल को लेकर दर्शकों के बीच खास पहचान रखते हैं। बुधवार को उन्होंने अपने द्वारा निर्मित टीवी सीरियल 'पुष्पा इम्पॉसिबल' के एक खास क्लिप के बारे में बताया।

जेडी असल में गुजराती हैं। उनके टीवी सीरियल मुख्य रूप से पारिवारिक कॉमेडी, हल्के-फुल्के मनोरंजन और मध्यमवर्गीय जीवन के इर्द-गिर्द होते हैं, जो दर्शकों को गुदगुदाने के साथ-साथ सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे सीरियल की मुख्य कलाकार के साथ फिल्म 'लालो: श्रीकृष्ण सदा सहायते' का लोकप्रिय गीत 'द्वारिका नो नाथ' पर डांस कर रहे हैं।

उन्होंने वीडियो शेयर कर लिखा, "एक बार और, फिर से और फिर से। टीवी सीरियल और फिल्मों में इंटीग्रेशन कोई नई बात नहीं है, लेकिन 'पुष्पा इम्पॉसिबल' में गुजराती फिल्म 'लालो' का इंटीग्रेशन बहुत खास था। सेट पर एक अलग ही ऊर्जा और आध्यात्मिक माहौल महसूस हुआ।"

उन्होंने आगे लिखा, "गाना 'द्वारिका नो नाथ' की जादुई धुन पर नाचने से खुद को रोक नहीं पाया। पहले टेक में सही नहीं हुआ, इसलिए सभी ने कहा एक बार फिर से। अगर आपने यह फिल्म देखी है, तो इस वीकेंड सोनी पिक्चर्स पर एक बार फिर देखें और अगर आप 13 तारीख और 14 को 'पुष्पा इंपोसिबल' के एपिसोड देखेंगे, तो आपको इसे बार-बार देखना चाहिए।"

अभिनेता ने बताया कि पोस्ट प्रोडक्शन के दौरान वे एपिसोड देखते समय खुशी से रो पड़े थे। उन्होंने एपिसोड को जादुई बताते हुए लिखा, "इस एपिसोड में इतनी दिव्यता देखने को मिलती है कि इसकी ऊर्जा सीधे दिल तक पहुंचती है। लालो की टीम का विशेष धन्यवाद। वे शूटिंग पर अपने साथ आध्यात्मिक ऊर्जा लेकर आते हैं, जिसे हर कोई महसूस कर सकता है।"

'लालो: श्रीकृष्ण सदा सहायते' 2025 की एक ऐतिहासिक रूप से सफल गुजराती भक्ति-ड्रामा फिल्म है, जो मात्र 50 लाख के बजट में बनकर 120 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।