छतरपुर, रोहित पाठक। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर रवि सोनी और उनकी टीम ने एक साथ 7 जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर (क्लब फुट) से पीड़ित बच्चों का सफल उपचार कर उन्हें नई जिंदगी देने का कार्य किया है। इन बच्चों में छतरपुर जिले के 5 बच्चे, पन्ना जिले का 1 बच्चा और उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद से आया 1 बच्चा शामिल है। सभी बच्चों का इलाज पॉपस्टार पद्धति के माध्यम से किया गया।


डॉक्टर रवि सोनी ने बताया कि जन्म से टेढ़े-मेढ़े पैर की समस्या का पूरी तरह इलाज संभव है और समय पर उपचार मिलने से बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उनकी टीम 500 से अधिक बच्चों के जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैरों को सफलतापूर्वक ठीक कर चुकी है।


उन्होंने कहा कि यदि यही इलाज किसी निजी अस्पताल में कराया जाए तो परिवारों को 50 से 60 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता है, जबकि जिला अस्पताल में यह उपचार पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।


डॉक्टर रवि सोनी ने बच्चों के परिजनों से अपील करते हुए कहा कि इस बीमारी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सही समय पर इलाज शुरू होने से बच्चों के पैर पूरी तरह ठीक हो सकते हैं। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ टीम द्वारा लगातार ऐसे बच्चों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।