नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व हेड कोच डैरेन लेहमैन ने इंग्लैंड के पुरुषों के टेस्ट हेड कोच के लिए जस्टिन लैंगर के नाम का समर्थन किया है। लेहमैन ने कहा कि इस पद के लिए उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया है।
इंग्लिश काउंटी सर्किट में नॉर्थम्पटनशायर के कोच डैरेन लेहमैन ने कहा, "मैं नॉर्थेंट्स को कोचिंग देकर बहुत खुश हूं। मुझसे इंग्लैंड टेस्ट हेड कोच के लिए संपर्क भी नहीं किया गया है। मुझे यकीन है कि इस पद के लिए बहुत से आवेदन आए होंगे। यह भी हो सकता है कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के पास शायद पहले से ही कोई रिप्लेसमेंट लाइन में हो।"
लेहमैन ने इंग्लैंड टेस्ट हेड कोच पद के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट सलामी बल्लेबाज और कोच जस्टिन लैंगर का समर्थन करते हुए कहा कि अगर वह इसके लिए तैयार होंगे, तो वह सच में एक अच्छे कोच होंगे। जो भी यह रोल लेगा, उसके पास कुछ बहुत प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। मुझे काउंटी सिस्टम में कुछ अच्छे खिलाड़ी दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर लैंगर को यह रोल दिया जाता है, तो उन्हें शेड्यूल में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है – वह अभी आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के हेड कोच हैं। टॉप जॉब संभालने का मतलब होगा कि उन्हें अपनी फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट कोचिंग की भूमिका छोड़नी होगी।
ब्रेंडन मैकुलम के इस्तीफे के बाद से इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच का पद खाली है। एंडी फ्लावर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और द हंड्रेड में लंदन स्पिरिट के साथ अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच पद को स्वीकार करने की किसी संभावना से इनकार कर दिया है। फ्लावर के इनकार के बाद लैंगर का नाम इंग्लैंड टेस्ट हेड कोच के लिए प्रमुखता से उभरा है।
जस्टिन लैंगर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज थे। मैथ्यू हेडन के साथ उनकी सलामी जोड़ी टेस्ट क्रिकेट में बेहद प्रभावी मानी जाती थी। लैंगर ने 105 टेस्ट की 82 पारियों में 23 शतक और 30 अर्धशतक की मदद से 7,696 रन बनाए हैं। संन्यास के बाद लैंगर कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। लैंगर की कोचिंग में ही ऑस्ट्रेलिया ने अपना एकमात्र टी20 विश्व कप जीता है।




