मुंबई। करण जौहर की फिल्मों में एक जादू होता है। वो ऐसी कहानियां बनाते हैं जो सीधे दिल को छू जाती हैं। 'कभी अलविदा ना कहना' भी ऐसी ही एक फिल्म थी। मंगलवार को इस फिल्म ने अपने रिलीज के 20 साल पूरे कर लिए।
फिल्म के मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ क्लिप का मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जो फिल्म से जुड़ी कहानी की झलक देता है। मेकर्स ने लिखा, "एक ऐसी कहानी जिसे आप कभी अलविदा नहीं कह सकते। फिल्म 'कभी अलविदा न कहना' के रिलीज को 20 साल पूरे हो गए। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि प्यार, दिल टूटने, तड़प और सीख से भरा एक इमोशन है।"
करण जौहर द्वारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' विवाहेतर संबंधों (एक्सट्रा मैरिटल अफेयर), भावनात्मक असंतोष और जटिल रिश्तों के संवेदनशील विषय पर आधारित है। इस फिल्म में शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, प्रीति जिंटा और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
फिल्म की कहानी दो विवाहित कपल के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें देव (शाहरुख खान) और माया (रानी मुखर्जी) दोनों अलग-अलग लोगों से विवाहित हैं, लेकिन अपने-अपने वैवाहिक जीवन में असंतुष्ट और दुखी हैं। एक समय पर दोनों की मुलाकात होती है और वे अपनी बेमेल शादियों का दर्द एक-दूसरे से साझा करते हैं। धीरे-धीरे वे दोस्त बन जाते हैं और अपने रिश्तों में खालीपन के कारण एक-दूसरे के करीब आ जाते हैं, जिसके बाद उनका विवाहेतर संबंध शुरू होता है। सच्चाई सामने आने पर उनके पुराने रिश्ते टूट जाते हैं और वे अपने जीवनसाथियों से अलग हो जाते हैं, जो मानवीय भावनाओं की जटिलता को दर्शाता है।
फिल्म का संगीत शंकर-हसान-लॉय ने दिया था और इसके गाने (जैसे शीर्षक गीत 'कभी अलविदा ना कहना') बेहद लोकप्रिय हुए थे। रिलीज के समय इसकी कहानी पारंपरिक पारिवारिक मूल्यों से हटकर होने के कारण दर्शकों के बीच काफी विवादास्पद और बंटी हुई प्रतिक्रिया का विषय रही थी।




