लुधियाना, रोहित पाठक। पंजाब के औद्योगिक नगर लुधियाना में आज से आस्था और सनातन संस्कृति का भव्य समागम शुरू होने जा रहा है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 26 से 30 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय विशाल धार्मिक अनुष्ठान के लिए लुधियाना पहुंच चुके हैं। महाराज के पंजाब आगमन पर स्थानीय आयोजन समिति, गणमान्य नागरिकों और हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और 'जय श्री राम' के गगनभेदी जयकारों के साथ उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया।


श्री हनुमंत कथा के साथ लगेगा एक दिवसीय दिव्य दरबार

इस पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान बागेश्वर महाराज श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त संकटमोचन हनुमान जी के चरित्र, आदर्श और महिमा का रसपान कराएंगे। कथा के साथ-साथ आयोजन के दौरान एक दिवसीय विशेष 'दिव्य दरबार' भी लगाया जाएगा, जिसमें पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों हरियाणा, हिमाचल और जम्मू से भी भारी संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना है।


पठानकोट के बाद पंजाब में दूसरी बार कथा, व्यापक सुरक्षा व लंगर व्यवस्था

गौरतलब है कि पंजाब की पावन धरती पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर का यह दूसरा बड़ा आयोजन है। इससे पहले करीब तीन वर्ष पूर्व पठानकोट में उनकी कथा का ऐतिहासिक आयोजन हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड जनसैलाब उमड़ा था।

लुधियाना में कथा को लेकर शहरभर में उत्सव का माहौल है। कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, गुरु के लंगर और प्राथमिक चिकित्सा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भक्तों की संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। कथा के पहले दिन से ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह की लहर देखी जा रही है।