नई दिल्ली, 13 मई । केरल चुनाव के नतीजे आने के लगभग दस दिन बाद कांग्रेस ने कहा कि आलाकमान ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अपनी चर्चाएं पूरी कर ली हैं और गुरुवार को सीएम के नाम की घोषणा की जाएगी। दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एक हाई-लेवल बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 14 मई को सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों द्वारा अधिकृत किए जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सभी चर्चाएं पूरी कर ली हैं। केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर फैसला गुरुवार को होगा।
मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी पर जहां विरोधी कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं, वहीं पार्टी में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। वायनाड में जिला कांग्रेस कार्यालय के पास राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेता केसी वेणुगोपाल को केरल का मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राज्य में उनके खिलाफ माहौल है।
पोस्टरों में लिखा गया है, “केरल आपको कभी माफ नहीं करेगा।” एक अन्य पोस्टर में लिखा गया, “वायनाड दूसरा अमेठी बन जाएगा।” यह टिप्पणी 2019 में अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी की हार की ओर इशारा करती है।
वायनाड कभी राहुल गांधी का सबसे सुरक्षित राजनीतिक क्षेत्र माना जाता था और अब यहां से प्रियंका गांधी सांसद हैं। ऐसे में इसी क्षेत्र से उठ रहा विरोध गांधी परिवार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
140 सदस्यीय केरल विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल किया। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं होने से पार्टी की किरकिरी हो रही है। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी माना कि इस देरी से जीत की चमक फीकी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन बड़े नेता सबसे आगे हैं—केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला।
हालांकि, अंतिम दौर की बातचीत में केसी वेणुगोपाल सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। खबर है कि उन्हें कांग्रेस के 50 से ज्यादा विधायकों का समर्थन हासिल है।

