छतरपुर(संदीप यादव)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र अंतर्गत बाजना थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी पर अपने ही पति पर खौलती हुई सब्जी डालकर जान से मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। इस खौफनाक कदम से पीडि़त पति की पीठ बुरी तरह झुलस गई है। पीडि़त पति ने अब छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए लिखित आवेदन सौंपते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


मूल रूप से बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम जसगुवां कला निवासी पीडि़त सुनील अहिरवार पिता मोतीलाल अहिरवार ने बताया कि वह गुरुग्राम (गुडग़ांव), हरियाणा के कादीपुर सेक्टर 10 में रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना बीते 7 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। सुनील को काम पर जाना था, इसलिए उसने अपनी पत्नी कंचन अहिरवार से खाना मांगा और उसे पैक करने को कहा। इसी बात पर विवाद करते हुए पत्नी कंचन ने कढ़ाई में उबलती हुई गर्म सब्जी सीधे सुनील की पीठ पर डाल दी। इस जानलेवा हमले में सुनील की पीठ पूरी तरह जल गई, जिसका इलाज उसने एक निजी अस्पताल में कराया। इस घटना के बाद जब वह हरियाणा के स्थानीय पुलिस थाने शिकायत करने पहुंचा, तो वहां उसे अपने गृह जिले छतरपुर जाकर मुकदमा दर्ज कराने की सलाह दी गई।


पीडि़त सुनील का आरोप है कि उसकी पत्नी कंचन अहिरवार का रवैया उसके प्रति शुरू से ही क्रूरतापूर्ण रहा है। वह बात-बात पर झगड़ा करती है और मजदूरी के पैसे भी जबरन छीन लेती है। सुनील ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने जीजा संतोष अहिरवार और बहन गायत्री (निवासी रेवाड़ी, हरियाणा) के बहकावे में है। वे लोग सुनील को जान से मारकर उसकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। पीडि़त ने डर जताते हुए कहा है कि उसकी पत्नी उसे कभी भी खाने में जहर देकर मार सकती है और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रही है। पत्नी की इस प्रताडऩा से तंग आकर सुनील अपने बेटे यशवेन्द्र अहिरवार को साथ लेकर वापस अपने गांव जसगुवां कला आ गया है, जबकि उनकी बेटी कंचन के पास ही है। पीडि़त ने एसपी छतरपुर से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी, साढ़ू और साली के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ताकि उसे और उसके बेटे को सुरक्षा मिल सके।