भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में युवती ख्याति जैन की संदिग्ध मौत का मामला लगातार रहस्य बनता जा रहा है। घटना को 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने से परिजनों में आक्रोश है। मृतका की मां ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


परिजनों का आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही है और अब तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। इसी को लेकर मृतका की मां ने पुलिस कमिश्नर तक शिकायत पहुंचाई है तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।


मृतका की मां ने चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा प्रकरण का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी की मौत को भी आत्महत्या बताकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि कई परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा करती हैं।


सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने मामले को और अधिक उलझा दिया है। रिपोर्ट में दर्ज कुछ बिंदुओं को लेकर परिजन लगातार सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हालांकि घटना के 24 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


फिलहाल ख्याति जैन की मौत का मामला रहस्य बना हुआ है और परिजन न्याय की उम्मीद में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।