मथुरा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया। रविवार को मथुरा पहुंचे नितिन नवीन ने कहा कि “कमर कस लीजिए, 2027 आ रहा है। देश में ऐसी ताकतें हैं जो काटने-बांटने की राजनीति करती हैं। ऐसी ताकतें चुनाव के समय ही सक्रिय होती हैं और उनसे भी लड़ना है।”
उन्होंने कहा कि पहले यूपी में “बंदूक की नोक पर सरकारें चलती थीं, लेकिन आज सरकार जनता के वोट से चल रही है।” नितिन नवीन ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जिन्होंने संविधान को कमजोर किया और अराजक तत्वों को बढ़ावा दिया।
विकास से असहज कुछ लोग
भाजपा अध्यक्ष ने कहा—
“यूपी जिस तरह विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, कुछ लोगों को यह हजम नहीं हो रहा। जो लोग राजनीति को टाइम पास समझते हैं, चुनाव आते ही आते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं, उन्हें सबक सिखाने का समय आ रहा है।
जोरदार स्वागत, धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार मथुरा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया और बुलडोजर से फूल बरसाए। मंच पर उन्होंने गदा लहराई और हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।
उन्होंने वृंदावन के छटीकरा रोड स्थित अक्षयपात्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ सुनी और बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नवीन का स्वागत किया और कार्यकर्ताओं से भाजपा की जीत के लिए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की अपील की। इस अवसर पर यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

