सागर, जीशान खान। कुडो एसोसिएशन ऑफ सागर द्वारा कुडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 11वीं जिला कुडो चैंपियनशिप-2026 का आर्मी पब्लिक स्कूल में शुभारंभ हुआ। 18 एवं 19 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में सागर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों से आए 250 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।


प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि वूमेन लीगल काउंसिल की अध्यक्ष श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया जाना चाहिए, जिससे विद्यार्थी स्वयं की सुरक्षा करने के साथ-साथ आत्मविश्वासी और अनुशासित बन सकें। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं के लिए निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वूमेन लीगल काउंसिल द्वारा कुडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के सहयोग से प्रदेशभर में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि कुडो आत्मरक्षा सीखने का एक अत्यंत प्रभावी एवं आधुनिक माध्यम है, जो शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और अनुशासन का भी विकास करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल, सागर की प्राचार्य श्रीमती ज्योति दुबे ने कहा कि विद्यालय सदैव खेल गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। उन्होंने कहा कि आर्मी पब्लिक स्कूल भविष्य में भी कुडो खेल एवं खिलाड़ियों को जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा, ताकि यहां के खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकें।


उद्घाटन समारोह में कुडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज खान, महासचिव हरिकांत तिवारी, प्रशिक्षक शुभम राठौर, प्रशिक्षक मेघा भोजक, प्रशिक्षक करण पटेल, प्रशिक्षक दीक्षा सेन तथा स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच दीपक तिवारी की उपस्थिति रही। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विश्व चैंपियन सोहेल खान, जो वर्तमान में आयकर विभाग, मुंबई में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, तथा युवराज सिंह पवार, जो हैदराबाद कस्टम विभाग में हवलदार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, रहे। दोनों खिलाड़ियों ने कुडो में अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर स्पोर्ट्स कोटे से सरकारी सेवा प्राप्त की है। उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनीं।


दो दिनों तक होंगे रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। अगले दो दिनों तक खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धाएं होंगी। यह आयोजन जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। समापन अवसर पर कुडो एसोसिएशन ऑफ सागर की ओर से आर्मी पब्लिक स्कूल प्रबंधन, सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों, अभिभावकों एवं खिलाड़ियों का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी कुडो के माध्यम से युवाओं में आत्मरक्षा, अनुशासन और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराया गया।