बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। बड़ामलहरा अनुभाग के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिकरी में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उमा अहिरवार (19) पत्नी नरेन्द्र अहिरवार निवासी ग्राम टिकरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भगवां थाना प्रभारी सुरभि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने पति नरेन्द्र अहिरवार एवं ससुर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उमा की हत्या करने के बाद उसके शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।


एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज परिजनों ने अस्पताल तिराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बड़ामलहरा थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाइश दी।


पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।