छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने रिकॉर्डशुदा अपराधियों, गुंडा-बदमाशों एवं शांति भंग करने वाले तत्वों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी।


कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चिन्हित बदमाशों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि विवाद, मारपीट, धमकी या शांति भंग करने जैसी घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। अभियान के दौरान जो बदमाश उपस्थित नहीं हुए, उनकी भी निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके घर जाकर सत्यापन एवं पूछताछ की जाएगी।


छिंदवाड़ा पुलिस की इस पहल को अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार निगरानी, प्रभावी गश्त और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख के चलते आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में पुलिस कार्रवाई का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।