अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली कंपनी के एक लाइन हेल्पर को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिजली का नया मीटर लगाने के बदले उपभोक्ता से पैसों की मांग कर रहा था।


आटा चक्की के मीटर के नाम पर मांगी थी 10 हजार की रिश्वत

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुकरेथा निवासी आवेदक राम बैरागी ने 3 अगस्त को ग्वालियर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी आटा चक्की के लिए बिजली का नया मीटर लगाने के एवज में विद्युत कंपनी का लाइन हेल्पर बाबूराम पटेल 10,000 रुपये रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 5,000 रुपये लेने पर सहमत हुआ, जिसकी पुष्टि होने पर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई।


बिल काउंटर कक्ष में बिछाया गया जाल

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने प्रबंधक विद्युत कंपनी अशोकनगर कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही फरियादी ने उपभोक्ता सेवा केंद्र के बिल काउंटर कक्ष में आरोपी बाबूराम पटेल को 5,000 रुपये दिए, निरीक्षक उपेंद्र दुबे और निरीक्षक अभिषेक वर्मा की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद से विद्युत विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है।