पन्ना, अमित सिंह राठौर। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी पन्ना में लगभग 180 वर्ष पुरानी भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की ऐतिहासिक रथयात्रा भक्ति, आस्था और राजसी वैभव के बीच धूमधाम से निकाली गई। इस वर्ष भगवान श्री जगन्नाथ दूल्हे के स्वरूप में सजे और शाही बारात के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इस अलौकिक दृश्य के दर्शन के लिए पन्ना सहित पूरे बुंदेलखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे शहर की सड़कें और भवनों की छतें श्रद्धालुओं से भर गईं।


परंपरा के अनुसार पन्ना राजघराने के युवराज छत्रसाल सिंह जूदेव द्वितीय ने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती कर चंवर डुलाने की रस्म निभाई। इसके बाद सशस्त्र पुलिस बल ने भगवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान प्रकट किया, जिसने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया।


ओडिशा के पुरी की तर्ज पर निकलने वाली यह रथयात्रा देश की प्राचीन एवं प्रमुख धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। यात्रा में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, कलेक्टर ऊषा परमार सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।