भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच राजधानी भोपाल में मप्र स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन को नया नेतृत्व मिल गया है। नव नियुक्त अध्यक्ष संजय नगायच ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ गरिमामयी वातावरण में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की विशेष उपस्थिति रही।


कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर और दिलीप अहिरवार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। पदभार ग्रहण से पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।


समारोह में संगठनात्मक एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और जगह-जगह स्वागत किया गया। इस आयोजन को पार्टी के भीतर बढ़ती मजबूती और सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।


बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय का असर अब विभिन्न नियुक्तियों और कार्यक्रमों में साफ दिखाई दे रहा है। नए अध्यक्ष संजय नगायच के नेतृत्व में कॉरपोरेशन के कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।