छतरपुर, रोहित पाठक। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध रसिक संत, राधा रानी से सखी भाव रखने वाले पूज्य महंत किशोरदास देव जी महाराज का जन्मोत्सव विगत रोज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री धाम वृंदावन स्थित गोरी लाल कुंज के पूज्य महंत किशोर दास देव जी महाराज के जन्मोत्सव अवसर पर स्थानीय मोटे के महावीर मंदिर प्रांगण में शिष्य गण उपस्थित हुए। महाराज श्री का चित्र रखकर उनकी पूजा अर्चना की गई। महाराज जी के चरणों में पुष्प समर्पित करते हुए श्रद्धा भाव से उनकी आरती उतारी गई।


महाराज श्री के जन्मोत्सव के क्रम में शिष्य गण शहर की देरी रोड स्थित निरवाना फाउंडेशन पहुंचे जहां रह रहे दिव्यांग, अनाथ बच्चों को फल भेंट किए। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने महंत श्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। फाउंडेशन के संचालक संजय सिंह ने बड़ी आत्मीयता के साथ महाराज श्री का जन्मोत्सव बच्चों के बीच मनाने का अवसर दिया। दिव्यांग बच्चों ने गीतों के माध्यम से महाराज श्री के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई। इस सेवा कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर अमित भैया, कमल अवस्थी, सत्यम चतुर्वेदी, आशीष गंगेले, ब्रजराज तिवारी सहित शिष्य गण उपस्थित रहे।