भोपाल, जीतेन्द्र यादव। लोक भवन में गुरुवार को महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगू भाई पटेल से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने किया।


मुलाकात के दौरान महिला कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि चिंतामन मालवीय द्वारा उज्जैन में एक वृद्ध महिला के घर पर कब्जा किया गया है। इस संबंध में प्रमाण और शपथ पत्र (एफिडेविट) भी राज्यपाल को सौंपे गए।


रीना बौरासी सेतिया ने बताया कि संबंधित विधायक पर यौन शोषण के मामलों में भी प्रकरण दर्ज होने के आरोप हैं, जिसके चलते उनकी विधायकी रद्द करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।


इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने देश की 543 लोकसभा सीटों और मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग भी राज्यपाल के समक्ष रखी।