सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना में एक दर्दनाक हादसे में 6 साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जब खेलते समय लोहे का सरिया उसके प्राइवेट पार्ट में घुस गया। समय रहते इलाज मिलने से बच्चे की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, टिकरिया गांव निवासी अमन रावत घर के बाहर सरिया से खेल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सरिया पर गिर पड़ा, जिससे सरिया उसके शरीर के नाजुक हिस्से में जा धंसा। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही मेडिकल कॉलेज की टीम ने तुरंत इमरजेंसी में उपचार शुरू किया। सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. अनुराग जैन के नेतृत्व में डॉ. आनंद गुप्ता, डॉ. नीलेश पांडेय और डॉ. सौहार्द जैन की टीम ने करीब आधे घंटे तक ऑपरेशन कर सरिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, यदि इलाज में थोड़ी भी देरी होती तो अत्यधिक रक्तस्राव या संक्रमण से बच्चे की जान को खतरा हो सकता था। फिलहाल मासूम को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

