अनुराग शुक्ला, जबलपुर। जबलपुर जिले में अवैध शराब नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माढ़ोताल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 251 बोतल (19 पेटी) महंगी अंग्रेजी शराब, दो एंड्रॉयड मोबाइल और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक कार जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग ₹2.25 लाख आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम बसा में दबिश
जबलपुर पुलिस अधीक्षक (SP) सम्पत उपाध्याय के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी माढ़ोताल बी.एस. गौठरिया और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की: 15 सितंबर 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बसा में प्रियांश अग्निहोत्री के घर के बाहर सड़क पर एक कार में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी जा रही है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर भाग रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में प्रियांश अग्निहोत्री (28 वर्ष, निवासी ग्राम बसा, माढ़ोताल) और आशुतोष उर्फ चुंगा यादव (22 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ई, रांझी) शामिल हैं।
कार से 19 पेटी शराब बरामद; कार पर लिखा था 'MP HIGH COURT'
सफेद रंग की बिना नंबर वाली कार की तलाशी लेने पर उसमें से रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, मैजिक मोमेंट्स वोडका, मैकडॉवेल्स, बैगपाइपर, ओल्ड मंक और बकार्डी सहित विभिन्न नामी ब्रांड्स की 251 बोतलें बरामद हुईं: कार के अंदर एक नंबर प्लेट रखी पाई गई, जिस पर अंग्रेजी में 'MP HIGH COURT' लिखा हुआ था और रजिस्ट्रेशन नंबर MP 20 ZH 1055 दर्ज था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि करीब 10 दिन पहले उन्होंने ग्वारीघाट निवासी अर्जुन केवट से 25 पेटी अंग्रेजी शराब मंगवाई थी। पुलिस गश्त के कारण शराब दूसरी जगह खपाने की तैयारी चल रही थी, तभी पुलिस ने दबिश दे दी।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, सप्लायर की तलाश जारी
माढ़ोताल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब शराब के मुख्य सप्लायर अर्जुन केवट की तलाश और इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हृदयानंद, एएसआई विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा सहित आरक्षक विनय सिंह, कुनाल और राहुल की सराहनीय भूमिका रही।




