मडियादो/दमोह, राजकुमार पाठक। दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव के निर्देश पर हटा अनुविभाग में प्रशासन द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम ने तहसीलदार उमेश तिवारी एवं राजस्व अमले के साथ मडियादो में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
जांच के दौरान अधिकारियों ने मडियादो में संचालित गल्ला दुकानों के दस्तावेजों की पड़ताल की। दो गल्ला दुकान संचालक अधिकारियों के समक्ष गल्ला खरीदी से संबंधित लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने दोनों दुकानों को सील करने की कार्रवाई की।
वहीं बर्धा मार्ग स्थित एक गल्ला दुकान पर अनाज की लोडिंग कर रहे ट्रक की भी जांच की गई। अधिकारियों द्वारा अनाज के परिवहन और खरीदी से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर ट्रक को मडियादो थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसके बाद एसडीएम राकेश मरकाम ने प्रशासनिक अमले के साथ मडियादो स्थित एक ढाबे की जांच की। जांच के दौरान ढाबे पर नियम विरुद्ध अहाता संचालित होने के साथ ही कथित रूप से अवैध देशी एवं विदेशी शराब रखी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मडियादो थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश पर मडियादो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब जब्त करने की कार्रवाई की। प्रशासन द्वारा एक साथ गल्ला दुकानों, अनाज से भरे ट्रक और ढाबे की जांच किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। प्रशासन की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।




