नई दिल्ली। सिख धर्म के संस्थापक, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव के ज्योति-ज्योत दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने नमन किया है।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सिख धर्म के संस्थापक, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव के ज्योति-ज्योत दिवस पर कोटि-कोटि नमन। मानवता, समानता और आध्यात्मिक चेतना के महान संदेशवाहक गुरु नानक देव ने अपने जीवन के माध्यम से संसार को सत्य, करुणा, मानवता और भलाई की सीख दी। उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वास, भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध निर्भीकता से आवाज उठाई। गुरु साहिब का दर्शन जीव मात्र के कल्याण का मार्ग दिखाता है। प्रेम, करुणा, सेवा, सत्य, भाईचारे और परस्पर सम्मान पर आधारित उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "विश्व को सेवा, सहिष्णुता और आध्यात्मिक चेतना का रास्ता दिखाने वाले महान संत, सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु परम श्रद्धेय श्री गुरु नानक देव महाराज के ज्योति ज्योत दिवस पर उनके चरणों में नमन एवं वंदन अर्पित करता हूं। उनका संपूर्ण जीवन लोकमंगल की साधना का ऐसा उत्कृष्ट उदाहरण जिसकी ज्योति से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।"
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "श्री गुरु नानक देव के ज्योति ज्योत दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।"
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक्स पर पोस्ट किया, "सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव के ज्योति-जोत दिवस पर उन्हें नमन करता हूं। सेवा, समानता और मानवता का उनका संदेश आज भी समाज को परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक्स पर लिखा, "‘एक ओंकार सतनाम’ के दिव्य प्रकाश से मानवता को सत्य, सेवा और सद्भाव का मार्ग दिखाने वाले श्री गुरु नानक देव जी के ज्योति-जोत दिवस पर श्रद्धापूर्वक नमन। गुरु नानक देव जी की वाणी में मानवता का कल्याण है, उनकी शिक्षाओं में सेवा का संस्कार है और उनके जीवन में ‘सरबत दा भला’ का शाश्वत संदेश है। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए सेवा को साधना और जनकल्याण को अपना कर्तव्य बनाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, "सिख पंथ के संस्थापक प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के ज्योति-ज्योत दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन !गुरु नानक देव जी ने सामाजिक कुरीतियों को मिटाकर प्रेम, सौहार्द और समरसता की जो ज्योति प्रज्वलित की थी, वह आज भी संपूर्ण विश्व को मानवता और सद्भाव का मार्ग दिखा रही है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट में कहा, "प्रेम व करुणा के संवाहक, सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के ज्योति-ज्योत दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! गुरु नानक देव जी ने मानव समानता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उनकी पावन वाणी और जीवन-दर्शन आज भी समस्त मानवता को सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।"
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने एक्स पर लिखा, "साहिब श्री गुरु नानक देव के ज्योति-जोत दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। गुरु नानक देव ने समस्त मानवता को ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का पावन संदेश दिया। उन्होंने जात-पात और हर प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके यह सर्वव्यापी आदर्श सदैव मानवता को सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।"












