पन्ना,जीतेन्द्र रजक । गुनौर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पवई से देवेंद्रनगर जा रही बारातियों से भरी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना शंकरगढ़ के पास हुई, जहां चलते-चलते बस में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया।


आग लगते ही बस में सवार बारातियों के बीच हड़कंप मच गया, लेकिन चालक और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बस को तुरंत रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही गुनौर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया गया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। मौके पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी पहुंच गईं, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सहायता मिली। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी बाराती सुरक्षित बच गए।