छतरपुर/खजुराहो। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति खजुराहो के तत्वावधान में सोमवार को प्रेमसागर तालाब परिसर में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक ललिता यादव रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव एवं राजनगर मंडी की पूर्व अध्यक्ष आशा रानी यादव उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए खजुराहो सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में दर्शकों की मौजूदगी रही और पूरा परिसर कृष्ण भक्ति एवं उत्साह से सराबोर नजर आया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को क्रमवार पुरस्कार प्रदान किए गए। कमलेश यादव प्रतापपुरा, परशुराम यादव, नितिन यादव बजरंगगढ़, जितेंद्र कुशवाहा केसरीपुरा तथा प्रकाश पटेल शकेरा को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार राशि क्रमश: 1000, 2000, 3000, 4000 और 4500 रुपये बताई गई। कार्यक्रम के आयोजन में नितेश उर्फ गोलू यादव, बृजेश सिंह यादव, नंदू यादव, अरुण प्रताप सिंह यादव सहित समिति की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।




