नई दिल्ली। स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने संकेत दिया है कि उनका शानदार फुटबॉल करियर मौजूदा सत्र के बाद समाप्त हो सकता है। रोनाल्डो ने स्वीकारा है कि यह 'संभवतः खेल में उनका आखिरी साल' है।
41 वर्षीय खिलाड़ी का सऊदी प्रो लीग के क्लब 'अल-नस्र' के साथ जून 2027 तक का करार है। पुर्तगाल के इस महानतम खिलाड़ी ने पहले ही कहा था कि वह रिटायरमेंट के करीब हैं, लेकिन अपने फुटबॉल करियर के लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई है। हालांकि, रविवार को 'वोग' के साथ एक इंटरव्यू में रोनाल्डो ने कहा कि वह शायद अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंच रहे हैं। रोनाल्डो ने 'वोग' को दिए इंटरव्यू में कहा, "यह शायद फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है। मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।"
पिछले साल नवंबर में, पांच बार 'बैलोन डी'ओर' जीतने वाले रोनाल्डो ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि वह 'एक या दो साल' और खेलेंगे। महानतम फुटबॉलर ने इस बात पर जोर दिया था कि साल 2026 में वह अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेलेंगे। पिछले महीने स्पेन के खिलाफ 'राउंड ऑफ 16' में हार ने पुर्तगाल का सफर समाप्त कर दिया था।
हालांकि, उस समय रोनाल्डो ने रिटायरमेंट की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई थी, लेकिन उनकी हालिया बातों से संकेत मिलता है कि उनके खेलने के करियर का अंत अब काफी करीब हो सकता है। रोनाल्डो ने फुटबॉल के बाद की अपनी जिंदगी के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने और फुटबॉल के अलावा अपने अन्य शौक पूरे करने के लिए उत्सुक हैं।
रोनाल्डो ने 'वोग' से कहा, "मैंने अपने भविष्य की पूरी योजना बना ली है। मेरे पास व्यस्त रहने के लिए इतनी सारी चीजें हैं कि सिर्फ एक चीज बताना मुश्किल है, क्योंकि फुटबॉल एक बड़ी खाली जगह छोड़ सकता है, इसलिए आपको अपना समय अलग-अलग तरीकों से भरना होता है, न कि सिर्फ एक तरीके से। इसके साथ ही ज्यादा मजे करना, ज्यादा घूमना-फिरना, पैडल देखना और खेलना—जो मुझे बहुत पसंद है और जो मैंने कमाया है—जो हमने कमाया है—उसका आनंद लेना जारी रखना। क्योंकि आखिरकार, यह 25 साल का सफर रहा है जिसमें बहुत सारे त्याग शामिल हैं।"
रोनाल्डो ने 11 अगस्त 2026 को अपनी पार्टनर जॉर्जीना रोड्रिग्ज से शादी की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने करियर को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस तरह, उनके निजी और प्रोफेशनल जीवन में बड़े बदलावों के इस दौर में एक और अहम बात जुड़ गई।




