मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मानपुरा के जंगल में संचालित की जा रही कथित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 300 किलो से अधिक संदिग्ध केमिकल और एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि जब्त केमिकल से करीब 150 किलो एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।
पुलिस के अनुसार कई थानों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की। दोनों ओर से करीब 10 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। इस बीच आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है। पुलिस का दावा है कि एमडी ड्रग्स का उत्पादन शुरू होने से पहले ही अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया गया। मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




