मुंबई। डांसर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर जैद दरबार हाल ही में वेब रियलिटी शो 'द अलायंस' में नजर आए थे। इस शो में उनका सामना पत्नी गौहर खान के एक्स बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन से हुआ था, जिसके चलते दोनों की बॉन्डिंग और समीकरण ने काफी सुर्खियां बटोरीं। जैद ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में शो के दौरान अपनी और कुशाल के बीच दोस्ती को लेकर बात की।

जैद दरबार से जब आईएएनएस ने पूछा, "आपके और कुशाल टंडन की बॉन्डिंग को लेकर काफी चर्चा हुईं, लेकिन आपने कभी इसे शो में पर्सनली मुद्दा नहीं बनाया। क्या ये बॉन्ड सफर के दौरान अपने आप बना था?" इस पर जैद दरबार ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैंने पहले से कुछ तय किया था कि मैं किसके साथ क्या करूंगा। मैं बस खुद के प्रति ईमानदार था और हालात के हिसाब से मेहनत की और कुशाल से मैं शो में पहली बार ही मिला था। शो में जैसी परिस्थिति बनी, उसे हम-दोनों ने बड़ी समझदारी के साथ डील किया। हमारे बीच चीजें बनीं और आखिर में खत्म भी हुईं, लेकिन सब कुछ समझदारी से हुआ।"

शो 'द अलायंस' में फिनाले से ठीक पहले कुशाल टंडन ने 'ट्रेटर' की भूमिका निभाते हुए जैद दरबार को 'मर्डर' (गेम के नियम के तहत बाहर) कर दिया, जिससे वह शो से बाहर हो गए। कुशाल द्वारा बाहर होने पर जैद दरबार ने बताया कि उन्होंने और कुशाल ने पहले ही तय किया था कि हम दोनों एक-दूसरे को बाहर कर देंगे।

उन्होंने कहा, "आखिर में कुशाल टंडन ने ही मेरा खेल खत्म किया। हमने तय किया था कि हम एक-दूसरे को एलिमिनेट करेंगे तो जाहिर है, मैं यह नहीं कह सकता कि मुझे उससे इसकी उम्मीद नहीं थी। हमारे बीच इस बात पर पहले ही चर्चा हो चुकी थी कि हममें से कोई एक, दूसरे को धोखा दे सकता है।

उन्होंने कहा, "अगर आप खुद के प्रति ईमानदार हैं और आपको बार-बार किसी को यह साबित नहीं करना पड़ता कि वे आप पर भरोसा करें, तो आपके काम ही आपकी सच्चाई बयां करते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई भी इंसान सिर्फ चालीस या पचास दिनों में किसी दूसरे को पूरी तरह समझ सकता है। मैंने हमेशा अपने कामों को सच्चा और साफ रखा है।"