नई दिल्ली। एसीसी मेंस एशिया कप 'राइजिंग स्टार्स' टूर्नामेंट में भारत 'ए' को पाकिस्तान 'ए' के साथ 'ग्रुप बी' में रखा गया है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक दोहा में आयोजित होगा। इस ग्रुप में नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी शामिल हैं।

भारत 'ए' अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। इसके बाद 24 नवंबर को उसका मुकाबला यूएई से होगा। भारत 'ए' और पाकिस्तान 'ए' के बीच बहुप्रतीक्षित मैच 22 नवंबर को खेला जाना है। वहीं, पाकिस्तान 'ए' का सामना 20 नवंबर को यूएई से और 24 नवंबर को नेपाल से होगा।

यूएई और नेपाल 22 नवंबर को एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। ग्रुप ए में श्रीलंका 'ए', बांग्लादेश 'ए', अफगानिस्तान 'ए' और हांगकांग, चीन शामिल हैं। इस टूर्नामेंट की मेजबानी कतर क्रिकेट एसोसिएशन (क्यूसीए) कर रहा है, जिसके मैच वेस्ट एंड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूडीएसटी) के मैदान पर खेले जाएंगे।

आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और वे 'सिंगल राउंड-रॉबिन' फॉर्मेट में खेलेंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मैच 26 और 27 नवंबर को खेले जाने हैं। इसके बाद 29 नवंबर को फाइनल मुकाबला होगा। नेपाल, हांगकांग, चीन और यूएई ने जुलाई में मलेशिया में हुए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के जरिए इस टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाई है।

तीनों एसोसिएट टीमें अपने सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मैदान में उतारेंगी। नेपाल या यूएई और किसी भी 'फुल मेंबर' की 'ए' टीम के बीच होने वाले सभी मैचों को आधिकारिक 'लिस्ट ए' का दर्जा मिलेगा। इसका मतलब यह है कि नेपाल और यूएई के खिलाफ भारत 'ए' के मैच 'लिस्ट ए' मुकाबलों के रूप में गिने जाएंगे, जबकि नेपाल और यूएई के बीच होने वाला मुकाबला एक आधिकारिक वनडे मैच होगा।

हांगकांग और चीन को क्रिकेट वर्ल्ड कप चैलेंज लीग के बाहर 'लिस्ट ए' मैच खेलने की अनुमति है, लेकिन 'ए' टीमों के खिलाफ उनके मुकाबलों का दर्जा एसीसी की मंजूरी पर निर्भर करेगा। पिछले साल भी इस टूर्नामेंट का आयोजन दोहा में ही हुआ था, जहां फाइनल में पाकिस्तान 'ए'ने बांग्लादेश 'ए' को सुपर ओवर में शिकस्त देकर खिताब जीता था।