भोपाल, जीतेंद्र यादव। समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश ने महिला आरक्षण कानून, गेहूं खरीदी व्यवस्था और केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि सरकार महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल दिखावटी राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं को वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसका प्रभाव अभी तक व्यापक रूप से नजर नहीं आ रहा। सपा का मानना है कि सरकार को केवल कानून बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी गंभीरता से काम करना चाहिए, ताकि महिलाओं को वास्तविक अधिकार और अवसर मिल सकें।


किसानों के मुद्दे पर डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। किसानों को समर्थन मूल्य पर फसल बेचने में पंजीयन, तौल और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़ी केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर भी सपा ने सरकार को घेरा। पार्टी का आरोप है कि इस परियोजना के कारण आदिवासी और स्थानीय किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। प्रभावित लोग अपनी जमीन और आजीविका को लेकर चिंतित हैं, जिससे विरोध और आंदोलन तेज हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों की समस्याओं के समाधान और परियोजना से प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।