दतिया । जिले के बसई थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दो बार दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपी युवक ने पहले वारदात को अंजाम देकर फोटो और वीडियो बनाए तथा बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर दूसरी बार किशोरी का शोषण किया। पीड़िता ने आरोपी द्वारा अपने पिता को जान से मारने की धमकी दिए जाने के कारण लंबे समय तक घटना किसी को नहीं बताई।


पीड़िता किशोरी ने गुरुवार देर रात थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, करीब दो माह पहले दोपहर के समय जब वह खेत की ओर जा रही थी, तभी आरोपी वीरू अहिरवार ने पीछे से आकर उसका मुंह दबाया और पास की झाड़ियों में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने थप्पड़ मारते हुए किशोरी और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। डर और सामाजिक बदनामी के भय से किशोरी ने यह बात घरवालों को भी नहीं बताई।


18 मई को आरोपी ने फिर से रास्ते में रोककर फोटो वायरल करने की धमकी दी और दोबारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद किशोरी ने घर आकर माता-पिता को सारी घटना बताई। आरोपी लगातार धमकियां देता रहा, जिसके बाद परिवार ने सामाजिक भय को दरकिनार कर गुरुवार रात पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।


बसई थाना पुलिस ने आरोपी वीरू अहिरवार के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।